जबलपुर। करारी मनकवारा में रहने वाले एक मोटरसाइकिल सवार दम्पति झगरा गांव के पास क्रेन से टकरा गए। दुर्घटना में महिला की मौत हो गई है, जिसे इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया था, जहां से उसे मेडिकल रिफर किया गया है।
बेलखाडू चौकी प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि झगरा रिंग रोड पर करारी मनकवारा निवासी मंजू बसोर अपने पति आकाश बसोर और बच्चे के साथ मोटरसाइकिल से ससुराल जा रही थी। उनकी बाइक झगरा रिंग रोड के पास पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार क्रेन ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित हो गई और मंजू सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गई। आसपास मोजूद लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को संभाला और इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेलखाडू पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। हादसे में पति और बच्चों की स्थिति को लेकर पुलिस जानकारी जुटा रही है। टीआई का कहना है कि क्रेन की पहचान की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक क्रेन क्रमांक एचआर 07 एएफ 3235 बताई गई है।
