तेल विपणन कंपनियों ने एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमतों में लगातार दूसरे महीने 5.46 प्रतिशत (यानी 6.28 रुपये प्रति लीटर) की बढ़ोतरी कर दी है, जिसके बाद हवाई ईंधन की दरें 115.00 से बढ़कर 121.28 रुपये प्रति लीटर के स्तर पर पहुंच गई हैं। इससे आने वाले दिनों में हवाई सफर महंगा होने की पूरी संभावना है।
कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर महंगा
महीने के पहले दिन तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 9.50 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है, जिसके बाद दिल्ली में यह 2,747.50 का हो गया है। हालांकि, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इसके साथ ही दूध की कीमतों में 9 प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी देखी गई है, जबकि हाल ही में सीएनजी और पीएनजी की दरों में हुआ इजाफा पहले ही घरेलू बजट बिगाड़ चुका है।
चीनी और प्याज के भाव में जबरदस्त तेजी
उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, खुदरा बाजार में चीनी की कीमतें एक बार फिर तेज हो गई हैं। दिल्ली में चीनी ?62, मुंबई में ?65, चेन्नई में ?61, कोलकाता में 66 और रांची में 68 प्रति किलो तक बिक रही है। वहीं, नई फसल की आवक में देरी और पुराने रबी स्टॉक पर दबाव के कारण प्याज के दामों में भी आग लगी हुई है। दिल्ली में प्याज 33 से 58, मुंबई में 52, जबकि चेन्नई और कोलकाता में 60 प्रति किलो के पार पहुंच चुका है। दूसरी तरफ, आलू (दिल्ली में ?22 प्रति किलो) और टमाटर (दिल्ली में घटकर 43 रुपये प्रति किलो) ने आम उपभोक्ताओं को थोड़ी राहत जरूर दी है।
अंडों की कीमतों में 40 प्रतिशत का उछाल
नेशनल एग को-ऑर्डिनेशन कमेटी (एनईसीसी) के आंकड़ों के मुताबिक, बीते एक साल में अंडों की कीमतों में 35 से 40 फीसदी तक की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। फार्म गेट पर अंडे की कीमत करीब 7 रुपये हो गई है, जिसके चलते खुदरा बाजार में यह 8.50 रुपये से 9 रुपये प्रति पीस बिक रहा है। पोल्ट्री उद्योग के जानकारों का मानना है कि सर्दियों की शुरुआत के साथ मांग बढऩे पर अंडों के दाम अभी और ऊपर जा सकते हैं।
