जबलपुर। शहर में दो पहिया वाहन चोरी और झपटमारी के मामलों में अलर्ट हुई पुलिस ने मदारटेकरी कब्रिस्तान के पास चार लड़कों को पकड़ा, जिनके कब्जे से मोबाइल और दोपहिया वाहन जब्त किए। इन आरोपियों की निशानदेही पर अन्य तीन लोगों को पकड़ा है, जिनमें एक नाबालिग बताया गया है।
हनुमानताल पुलिस ने बताया कि वाहन चोरी के आरोप में गाजीनगर निवासी अयान उर्फ अल्लू खान, सोहेल उर्फ गुलाम गौस निवासी टेढीनीम, मुजम्मिल कुरैशी, मुदस्सिर कुरैशी, फैजान उर्फ फिज्जू खान, मोईन उर्फ सुरमेश अंसारी निवासी टेढीनीम और एक नाबालिग को पकड़ा है। इन आरोपियों के कब्जे से 13 दो पहिया वाहन और 5 मोबाइल जब्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि नशा करने के लिए आरोपी चोरियां करते थे। ये आरोपी दो गैंग में काम करते थे। आरोपियों ने चोरी के साथ झपटमारी की है। पुलिस का यह भी कहना है कि चोरी की गई मोटरसाइकिलों में स्पोर्टस बाईक भी शामिल हैं। पुलिस दल इस मामले में छानबीन कर रही है ताकि अन्य आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ सके।
