khabar abhi tak

लगातार 5 दिन बंद रहेंगे बैंक- 28 सितंबर से राष्ट्रव्यापी हड़ताल का ऐलान, ग्राहकों को भेजा अलर्ट

नई दिल्ली. अगर आपका भी बैंक शाखा से जुड़ा कोई जरूरी वित्तीय या कागजी काम अटका है, तो उसे तुरंत निपटा लें। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 सितंबर से 3 दिनों की राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का ऐलान किया है। यह हड़ताल 28, 29 और 30 सितंबर 2026 तक जारी रहेगी। इस हड़ताल का असर देश भर के सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों पर पड़ना तय माना जा रहा है। हड़ताल के मद्देनजर पंजाब नेशनल बैंक (PNB) समेत कई प्रमुख बैंकों ने अपने करोड़ों ग्राहकों को आधिकारिक संदेश भेजकर अलर्ट करना शुरू कर दिया है।  

25 सितंबर तक निपटा लें ब्रांच के जरूरी काम, वरना लटकेंगे काम

 पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने अपने ग्राहकों को टेक्स्ट मैसेज भेजकर सलाह दी है कि शाखा से संबंधित सभी महत्वपूर्ण कार्य 25 सितंबर या उससे पहले ही पूरे कर लें।  दरअसल, बैंक शाखाओं में किए जाने वाले कई अहम काम हड़ताल के चलते पूरी तरह ठप रहेंगे। इनमें भारी कैश जमा करना या निकालना, चेक क्लीयरेंस, ड्राफ्ट बनवाना, महत्वपूर्ण वित्तीय दस्तावेज जमा करना और री-केवाईसी (KYC) जैसे काम शामिल हैं। अगर ग्राहक 25 सितंबर तक ये काम नहीं निपटाते हैं, तो उन्हें अगले कई दिनों तक भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।  

वीकेंड और हड़ताल मिलाकर 5 दिनों तक ठप रहेंगे बैंक शाखाएं

भले ही बैंक यूनियनों ने 3 दिनों की हड़ताल बुलाई है, लेकिन जमीनी स्तर पर बैंक शाखाएं लगातार 5 दिनों तक बंद रहेंगी। कैलेंडर के मुताबिक 26 सितंबर को महीने का चौथा शनिवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे, जबकि 27 सितंबर को रविवार का साप्ताहिक अवकाश रहेगा। इसके तुरंत बाद 28, 29 और 30 सितंबर को हड़ताल रहेगी। इस तरह शनिवार से बुधवार तक पूरे 5 दिनों तक बैंकों के ताले नहीं खुलेंगे, जिससे आम नागरिकों और कारोबारियों के लेन-देन पर बड़ा असर पड़ना तय है। 

 UPI, ATM और नेट बैंकिंग रहेंगी चालू

 राहत की उम्मीद बैंकों ने स्पष्ट किया है कि शाखाएं बंद रहने के बावजूद ग्राहकों को डिजिटल माध्यमों से राहत देने का पूरा प्रयास किया जाएगा। पीएनबी के अनुसार, हड़ताल के दौरान यूपीआई (UPI), मोबाइल बैंकिंग, नेट बैंकिंग और एटीएम (ATM) सेवाएं सामान्य रूप से संचालित रखने की हरसंभव व्यवस्था की जा रही है। साथ ही ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में काम करने वाले बिजनेस कॉरेस्पॉन्डेंट्स (BC) की सेवाएं भी जारी रखने की कोशिश की जाएगी, ताकि रोजमर्रा के छोटे-मोटे लेन-देन बाधित न हों।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak