जबलपुर। रेलवे स्टेशन जबलपुर में यात्रियों के साथ विवाद कर शांति भंग करने वाले किन्नरों के विरुद्ध शासकीय रेल पुलिस (जीआरपी) द्वारा प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पकड़ी गई तीनों किन्नर इटारसी की हैं और जबलपुर स्टेशन पर उत्पात मचा रही थीं.
प्राप्त जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन जबलपुर के प्लेटफार्म नंबर 1 पर किन्नरों द्वारा आने-जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों के साथ अभद्रता एवं गाली-गलौज करते हुए विवाद किया जा रहा था। उक्त व्यक्तियों द्वारा समझाइश देने के बावजूद अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा थे तथा विवाद कर शांति भंग करने की स्थिति निर्मित कर रहे थे।
मौके पर थाना जीआरपी जबलपुर पुलिस स्टाफ द्वारा पहुंचकर उन्हें समझाइश दी गई, किंतु उनके द्वारा समझाइश नहीं मानी गई। संज्ञेय अपराध घटित होने की पूर्ण स्थिति बनने एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आरोपी बबली किन्नर, गुरु रेशम खान उम्र 45 वर्ष, निवासी इटारसी, जिला नर्मदापुरम, कुसुम कुमारी गुरु रेशम खान उम्र 25 वर्ष निवासी निरानू मस्जिद के पास नाला मोहल्ला इटारसी थाना इटारसी जिला नर्मदापुरम तथा मनू किन्नर गुरु रेशमा खान उम्र 20 वर्ष निवासी निराद मस्जिद के पास नाला मोहल्ला इटारसी थाना इटारसी जिला नर्मदापुरम को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी के विरुद्ध धारा 170, 126(बी), 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए इस्तगासा तैयार कर माननीय एसडीएम महोदय, रांझी, जबलपुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
