khabar abhi tak

जबलपुर : ग्रुप डी की 28 सितम्बर से प्रस्तावित शारीरिक दक्षता परीक्षा बारिश व ग्राउंड में जलभराव से फिर स्थगित

जबलपुर। जबलपुर शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में विगत दिनों से जारी लगातार चक्रवातीय वर्षा तथा मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में भारी वर्षा के पूर्वानुमान के दृष्टिगत, पश्चिम मध्य रेल प्रशासन ने उम्मीदवारों की सुरक्षा एवं निष्पक्ष अवसर सुनिश्चित करने के लिए एक बड़ा निर्णय लिया है। रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (आरआरसी), पश्चिम मध्य रेल द्वारा केंद्रीयकृत रोजगार अधिसूचना संख्या सीईएन-08/2024 (लेवल-1) के तहत दिनांक 28 सितम्बर 2026 से 01 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाली चार दिवसीय शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) को अग्रिम आदेश तक तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है।

मैदान में भारी जलभराव और सुरक्षा प्राथमिकता

अत्यधिक और अनवरत बारिश के कारण परीक्षा स्थल—रेलवे स्टेडियम ग्राउंड, जबलपुर—में गंभीर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। ग्राउंड पर पानी भरने व कीचड़ के कारण मैदान दौड़ के लिए पूरी तरह असुरक्षित व अनुपयुक्त हो चुका है। ऐसी परिस्थितियों में अभ्यर्थियों के फिसलने, चोटिल होने का जोखिम था और प्रतिकूल मौसम के कारण सभी को अपनी शारीरिक क्षमता प्रदर्शित करने का समान अवसर मिलना संभव नहीं था। उम्मीदवारों की शारीरिक सुरक्षा एवं 'फेयर चांस' के सिद्धांत को सर्वोपरि रखते हुए प्रशासन ने यह स्थगन आदेश जारी किया है।

नई तिथियों की सूचना जल्द

स्थगित की गई शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) के लिए नवीन तिथियों की घोषणा मौसम सामान्य होने के उपरांत पृथक से आधिकारिक माध्यमों द्वारा की जाएगी।

अभ्यर्थियों के लिए आधिकारिक परामर्श

पश्चिम मध्य रेल प्रशासन ने सभी उम्मीदवारों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाहों पर ध्यान न दें। परीक्षा से संबंधित प्रामाणिक और अद्यतन जानकारी के लिए नियमित रूप से पश्चिम मध्य रेल की आधिकारिक वेबसाइट www.wcr.indianrailways.gov.inका अवलोकन करें-

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak