जबलपुर। जिले के कटंगी स्थित हिरन नदी के बड़े पुल पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जबलपुर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा दूसरा युवक घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, कटंगी के पौड़ी गांव निवासी बृजेंद्र लोधी और बुद्ध ठाकुर एक ही बाइक पर सवार होकर कटंगी की ओर जा रहे थे। बाइक बृजेंद्र चला रहा था। हिरन नदी के बड़े पुल पर सड़क पर बने गड्ढे से बचने के दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बुद्ध ठाकुर सड़क की दूसरी ओर गिर गया, जिससे उसे मामूली चोटें आईं। वहीं बृजेंद्र सीधे ट्रक की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी चालक फरार
घटना के बाद पुल पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। सूचना मिलते ही कटंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात बहाल कराया। पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। हादसा कारित करने के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी ट्रक चालक और वाहन की तलाश कर रही है। दुर्घटना में घायल बुद्ध ठाकुर ने बताया कि हम लोगों ने गाड़ी की रफ्तार धीमी की थी, तभी से पीछे जबलपुर की तरफ से आये ट्रक की चपेट में बृजेंद्र गाड़ी आ गया। पुल पर गड्डा होने के कारण गाड़ी आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। मैं दूसरी तरफ गिर गया.
