जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल में कार्यरत रेल कर्मचारियों की सुविधा एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी, सरल तथा डिजिटल बनाने की दिशा में कार्मिक विभाग द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी (Sr. DPO) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार अब मंडल के सभी स्टेशन, डिपो एवं विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारी अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
नई व्यवस्था के अंतर्गत कर्मचारियों को अपनी HRMS आईडी का उपयोग करते हुए HRMS पोर्टल पर उपलब्ध Employee Self Service (ESS) के NOC Tab के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत करना होगा। यह सुविधा विशेष रूप से नई नौकरी, प्रतियोगी परीक्षाओं में सम्मिलित होने तथा विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक प्रयोजनों हेतु आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए उपयोगी होगी।
इस डिजिटल प्रणाली के लागू होने से कर्मचारियों को कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। संपूर्ण प्रक्रिया ऑनलाइन होने के कारण आवेदन की स्थिति का अवलोकन भी कर्मचारी अपने मोबाइल अथवा कंप्यूटर के माध्यम से कर सकेंगे। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि प्रकरणों के त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण में भी सहायता मिलेगी।
यह सुविधा 24×7 उपलब्ध रहेगी, जिससे कर्मचारी किसी भी स्थान से सुविधानुसार आवेदन कर सकेंगे। कागजी कार्यवाही एवं मैनुअल फाइल मूवमेंट में कमी आने से प्रशासनिक दक्षता में भी वृद्धि होगी। जबलपुर मंडल द्वारा कर्मचारियों के हित में उठाया गया यह कदम डिजिटल इंडिया एवं ई-गवर्नेंस की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जिससे कर्मचारियों को बेहतर, पारदर्शी एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
इसके साथ ही, शिकायत कैंप की व्यवस्था नवम्बर 2025 से लागू की जा चुकी है। यह कैंप प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को कटनी, सतना, सागर, दमोह एवं नरसिंहपुर में आयोजित किया जाता है, जहां कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निवारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है। इस पहल के माध्यम से संबंधित लाभार्थियों को अपनी समस्याओं के समाधान हेतु मंडल कार्यालय के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती तथा शिकायतों का समयबद्ध निराकरण संभव हो रहा है।
