तुलसी मानस प्रचार समिति द्वारा होगा भव्य अलंकरण
जबलपुर। समाज के अंतिम छोर पर खड़े जरूरतमंद और निर्धन वर्ग की निरंतर सहायता करने वाले जनसेवी सुरजीत जाट को इस वर्ष संस्कारधानी गौरव सम्मान से विभूषित किया जाएगा। तुलसी मानस प्रचार समिति द्वारा यह गरिमामय अलंकरण समारोह 23 अगस्त को समन्वय सेवा केंद्र, शंकराचार्य चौक, छोटी लाइन फाटक स्थित वासु भोजनालय के पास आयोजित होगा। मानव सेवा में अतुलनीय योगदान के लिए उन्हें पूर्व में रोटरी क्लब, सी. राजा राम नायडू जन्म शताब्दी सम्मान, पंडित ओंकार तिवारी स्मृति पुरस्कार, गुंजन कला सदन मध्य प्रदेश संस्था एवं जाट सर्वोदय सामाजिक उत्थान संस्था से सम्मानित किया जा चुका है। सुरजीत जाट के निस्वार्थ सेवा संकल्प को देखते हुए इसी वर्ष शहर के अन्य सामाजिक संगठन भी उन्हें नागरिक मंच पर सम्मानित करेंगे।
