स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने पर व्यापारियों पर शिकंजा
जबलपुर। शहर को कचरा और प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के आदेशानुसार संभाग 10 अंतर्गत रांझी बाजार क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। निरीक्षण दल ने सड़कों पर गंदगी फैलाने और अमानक पॉलिथीन थैलियों का क्रय विक्रय करने वाले दुकानदारों पर वैधानिक कार्रवाई की। इस मौके पर मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक अनिल कुमार मिश्रा, प्रभारी स्वास्थ्य निरीक्षक श्रीमती प्रियंका यादव, श्रीनिवासन, राजेश चौधरी, विजय कुशवाहा, मदन चैहान, हदीद खान तथा नगर निगम का स्वच्छता दस्ता मुस्तैद रहा। अमले ने दुकानों का सघन निरीक्षण कर चालानी प्रक्रिया पूरी की और नियमों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी। पर्यावरण को सुरक्षित रखने हेतु यह संयुक्त प्रयास किया गया ताकि क्षेत्र स्वच्छ तथा व्यवस्थित नजर आए।
दुकानदारों को डस्टबिन और कपड़े के थैले रखना अनिवार्य
कार्रवाई के दौरान व्यापारियों को प्रतिष्ठानों के सामने दोहरे कचरा पात्र रखने के निर्देश दिए गए। इसमें गीले और सूखे अपशिष्ट का पृथक्करण करना अनिवार्य किया गया है। खरीदारों को कपड़े अथवा जूट से निर्मित थैलों के प्रयोग हेतु प्रेरित करने को कहा गया। बाजार की सफाई व्यवस्था सुचारु रखने के लिए लगातार निगरानी तंत्र सक्रिय रहेगा। व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर आगे भी सघन चेकिंग जारी रहेगी।
