जबलपुर। मध्यप्रदेश में मानसून ने ऐसी वापसी की है कि कई शहरों में रिकॉर्ड तोड़ बारिश हो रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार गांगेय पश्चिम बंगाल और ओडिशा के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र और सक्रिय मानसूनी ट्रफ के कारण प्रदेश में मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो चुका है। मौसम केंद्र भोपाल ने अगले 24 घंटों के लिए कई जिलों में फ्लैश फ्लड और भारी जलभराव का खतरा जताया है।
मध्य प्रदेश के लिए मौसम विभाग अगले तीन दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट पहले ही जारी कर चुका है। वहीं, मंगलवार को भी प्रदेश तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी के मुताबिक छतरपुर, दतिया, ग्वालियर, निवाड़ी, पन्ना, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, नरसिंहपुर, दमोह, टीकमगढ़, बैतूल और राजगढ़ में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। इसके अलावा जबलपुर, कटनी, शहडोल, सीधी, गुना, आगर-मालवा, शाजापुर, सीहोर, हरदा, सागर, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट और मंडला में भी भारी बारिश होगी। तकरीबन 30 जिलों में दो से ढाई इंच बारिश आज हो सकती है। अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी मध्यप्रदेश के 10 जिलों में अचानक बाढ़ आने और सतही जल बहाव तेज होने की गंभीर आशंका है। इनमें बालाघाट, डिंडोरी, मंडला, अनूपपुर, कटनी, शहडोल, रीवा, सीधी, उमरिया और सतना जिले शामिल हैं।