जबलपुर। जबलपुर के रामपुर गोसलपुर रोड पर बीती रात 11 बजे के लगभग क टनी की ओर से आ रही स्कार्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। जिसपर अवैध कारोबारी गाड़ी छोड़कर भाग निकले। राह चलते लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब स्कार्पियो की तलाशी ली तो उसमें से शराब का जखीरा मिला।
पुलिस का कहना है कि रामपुर गोसलपुर रोड पर एक स्कार्पियो गाड़ी एमपी 09 व्ही 7688 अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। राह चलते लोगों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी अनहोनी की आशंका होने पर तत्काल मौके पर पहुंच गए, देखा तो स्कार्पियो क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी है, आसपास कोई नहीं है। पुलिस ने जब स्कार्पियो की तलाशी ली तो हैरत में पड़ गई, स्कार्पियो के अंदर शराब की 25 पेटियां रखी मिली। प्रत्येक पेटी में 180 एमएल के पाव थे। कुल 1250 पाव यानी करीब 225 लीटर शराब बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपए है। पुलिस ने शराब और स्कार्पियो को जब्त कर लिया है। दोनों की कुल कीमत करीब 7.50 लाख रुपए है। पुलिस अब मामले में स्कार्पियो चालक व मालिक की तलाश में जुट गई है।