जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने मंगलवार 4 अगस्त को निर्माण विभाग द्वारा तैयार की गई सुरक्षा एवं गुणवत्ता चेकलिस्ट एवं पैरामीटर्स पॉकेट बुकलेट का मुख्यालय में विमोचन किया। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक श्री प्रमोद कुमार खत्री, वरिष्ठ उपमहाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी नीरज कुमार, प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी मनोज गुरमुखि, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) एम.एस. हाशमी सहित अन्य प्रमुख विभागाध्यक्ष एवं निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
निर्माण कार्यों में सुरक्षा एवं गुणवत्ता के उच्चतम मानकों को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तैयार की गई इस पॉकेट बुकलेट में इंजीनियरिंग, विद्युत तथा सिग्नल एवं दूरसंचार (एस एंड टी) सहित निर्माण कार्यों से जुड़े सभी विभागों के लिए आवश्यक सुरक्षा चेकलिस्ट, गुणवत्ता मानक, निरीक्षण बिंदु एवं महत्वपूर्ण पैरामीटर्स को सरल एवं व्यावहारिक रूप में संकलित किया गया है।
महाप्रबंधक ने कहा कि रेलवे निर्माण कार्यों में सुरक्षा, गुणवत्ता एवं समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकताएँ हैं। यह पॉकेट बुकलेट अधिकारियों, पर्यवेक्षकों तथा संवेदकों (ठेकेदारों) के लिए एक उपयोगी मार्गदर्शिका सिद्ध होगी, जिससे निर्माण कार्यों के प्रत्येक चरण में निर्धारित मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं संवेदकों से इस पुस्तिका का नियमित उपयोग करते हुए सुरक्षा एवं गुणवत्ता मानकों का पालन करने का आह्वान किया। साथ ही अन्य विभागों को भी इस तरह की चेकलिस्ट एवं पैरामीटर्स पॉकेट बुकलेट तैयार करने के निर्देशित किया। निर्माण विभाग द्वारा तैयार की गई यह पॉकेट बुकलेट अधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं संवेदकों के लिए दैनिक कार्यों में एक त्वरित संदर्भ (Quick Reference Guide) के रूप में उपयोगी सिद्ध होगी तथा पश्चिम मध्य रेलवे में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी।
