जबलपुर/कटनी। पश्चिम मध्य रेलवे के कटनी में रेलवे के ग्रेड सेपरेटर पर सोमवार एक बड़ा हादसा टल गया। मुड़वारा स्टेशन के पास ग्रेड सेपरेटर की अप लाइन से गुजर रही कोयले से लदी मालगाड़ी अचानक कपलिंग खुलने से दो हिस्सों में बंट गई।
गनीमत रही कि मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से नहीं उतरे, अन्यथा बस्ती और मुख्य मार्ग के पास बड़ा हादसा हो सकता था। रेलवे की टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद दोनों हिस्सों को जोड़कर मालगाड़ी को आगे रवाना किया। घटना के बाद रेलवे ने इसे सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर माना है।
बताया जाता है कि सिंगरौली से कोयला लोड कर मालगाड़ी बीना के लिए रवाना हुई थी। तड़के करीब चार बजे जब ट्रेन कटनी के मझगवां फाटक से झलवारा स्टेशन के बीच बनाए जा रहे ग्रेड सेपरेटर से गुजर रही थी, तभी मुड़वारा स्टेशन के पास अचानक दो डिब्बों के बीच की कपलिंग खुल गई। कपलिंग खुलते ही मालगाड़ी दो हिस्सों में बंट गई। चालक को झटका महसूस हुआ तो उसने तत्काल ट्रेन रोक दी। जांच करने पर पता चला कि मालगाड़ी का पिछला हिस्सा कुछ दूरी पर छूट गया है। चालक ने तुरंत रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी।
एनकेजे से पहुंची टीम, ढाई घंटे में जोड़े डिब्बे
घटना की सूचना मिलते ही एनकेजे से रेलवे की टीम को मौके पर भेजा गया। इसके बाद मालगाड़ी के एक हिस्से को पीछे लाकर दोनों हिस्सों को जोडऩे का काम शुरू किया गया। रेलवे कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद कपलिंग को दोबारा जोड़ा। करीब ढाई घंटे तक चले प्रयास के बाद मालगाड़ी को आगे बढऩे लायक बनाया गया। इसके बाद कोयले से लदी ट्रेन को बीना की ओर रवाना कर दिया गया।
