जबलपुर। सिहोरा के ग्राम घोरा कोनी व खितौला में आज उस वक्त भगदड़ व अफरातफरी मच गई, जब आबकारी टीम ने अवैध कारोबारियों के घर पर दबिश दी। आबकारी टीम ने दो घरों से भारी मात्रा में लाहन, देशी शराब व हाथ भट्टियों में बन रही कच्ची शराब जब्त की है। पुलिस ने मामले में तीन लोगों के खिलाफ प्रकरण भी दर्ज किया है।
आबकारी विभाग के अधिकारियों का कहना था कि ग्राम घोरा कोनी में ताराबाई पति रम्मू बर्मन लम्बे समय से घर में अवैध रुप से शराब बनाने का कारोबार कर रही है। यहां तक कि वह घर से ही शराब बेचती है। जिसपर आज सुबह 8 बजे के लगभग ताराबाई के घर पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही ताराबाई, उसके पति सहित अन्य लोगों में भगदड़ मच गई। टीम ने मौके से 40 पाव देशी प्लेन शराब और 35 पाव मसाला शराब बरामद की। इसी तरह खितौला के एक घर पर दबिश देकर 10 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब और 90 किलो महुआ लाहन बरामद किया गया। टीम ने लाहन का नमूना लेने के बाद उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, महुआ लाहन का उपयोग कच्ची शराब बनाने में किया जाता है। इसके अलावा एक और ठिकाने पर दबिश दी गई। आबकारी विभाग ने तीन मामले दर्ज कर कार्रवाई की है। आबकारी टीम ने गांव के अन्य लोगों के घरों पर भी छापा मारा है जो अवैध रुप से शराब बेचने का कारोबार कर रहे है। आबकारी टीम की कार्रवाई के बाद से गांव में हड़कम्प मचा रहा, कई लोग अपने घरों को छोड़कर भाग गए। जिनके संबंध में आबकारी टीम पूछताछ कर रही है।
Tags
jabalpur