जबलपुर। माढ़ोताल थानान्तर्गत ग्राम सूखा में रहने वाले प्रापर्टी डीलर सुशील सेन के घर का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपए के सोने व चांदी के जेवर, एक लाख रुपए नगद पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने वारदात को अंजाम देने के बाद घर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़े और हार्ड डिस्क ले गए। चोरी की वारदात उस वक्त हुई है जब उनकी मां को तबियत खराब होने पर अस्पताल में भरती कराया गया था। पुलिस के अनुसार ग्राम सूखा माढ़ोताल निवासी सुशील सेन प्रापर्टी डीलर का काम करते है। उनके एक मकान में मां विमला सेन अके ली रहती है, मकान के ऊपरी हिस्से में एक किराएदार है। करीब 20 दिन पहले विमला सेन की तबियत खराब होने के कारण सुशील ने अस्पताल में भरती कराया है। इस बीच अज्ञात चोर सूने घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और पेटी व सूटकेस में रखा सोने का हार, झुमकी, चैन, अंगूठियां, कंगन, चांदी का कड्डोरा, पायल, बिछिया व एक लाख रुपए नगद चोरी कर लिए। चोरों ने जाते जाते घर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़े और हार्डडिस्क अपने साथ ले गए। बीती सुबह किराएदार ने घर का ताला टूटा देखा तो सुनील सेन को खबर दी। उन्होने शाम को घर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा, सूटकेस व पेटी में रखे सोने के जेवर व नगदी गायब है। सुशील सेन के घर हुई चोरी की खबर क्षेत्र में आग की तरह फैल गई, देखते ही देखते कई लोग एकत्र हो गए, जिन्होने घटना पर आक्रोश जताया। सुशील सेन ने रात को थाना पहुंचकर पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी। जिसपर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद चोरों की तलाश शुरु कर दी है। पुलिस ने मामले में कुछ संदेहियों को भी हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।