जबलपुर। गन कैरिज फैक्ट्री प्रशासन द्वारा त्योहार के अवसर पर कर्मचारियों को बांटी गई मिठाई में कॉकरोच और कीड़े मिलने से हड़कंप मच गया है। इस गंभीर लापरवाही के कारण कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। श्रमिक संघ मिले हाथ ने इस घटना पर कड़ा विरोध जताते हुए तत्काल निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। संघ ने प्रशासन से कहा है कि मिठाई के नमूनों को तुरंत फूड टेस्टिंग के लिए भेजा जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो। इंडस्ट्रियल कैंटीन की स्वच्छता और खाद्य गुणवत्ता को लेकर पहले भी शिकायतें होती रही हैं। कर्मचारियों के स्वास्थ्य से जुड़े इतने बड़े मुद्दे पर जीसीएफ कार्यसमिति की ओर से अब तक कोई भी स्पष्ट जवाब नहीं आने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई है और चिंता बढ़ गई है।
कैंटीन की खराब व्यवस्था से कर्मचारी नाराज
कर्मचारियों का आरोप है कि इंडस्ट्रियल कैंटीन में भोजन की शुद्धता और रख-रखाव को लेकर लंबे समय से अनदेखी बरती जा रही है। पूर्व में की गई शिकायतों के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ। त्योहार पर दिए गए डिब्बों में दूषित सामग्री मिलना प्रशासन की लचर निगरानी व्यवस्था की पोल खोलता है। यह सीधे तौर पर कामगारों की सेहत के साथ जानलेवा खिलवाड़ है। प्रशासन की इस कार्यप्रणाली से फैक्ट्री परिसर का माहौल गरमा गया है।
मिले हाथ संघ ने कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई
यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी है कि कामगारों की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं के मामले में किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी। संगठन का कहना है कि साफ-सफाई की नियमित और औचक जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए ताकि आगे से ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो। इतने संवेदनशील विषय पर प्रबंधन की लगातार चुप्पी और ठोस कदम न उठाने से मजदूरों का असंतोष चरम पर पहुंच रहा है।
