khabar abhi tak

ब्रेकिंग:जबलपुर में अवैध डायग्नोस्टिक सेंटर पर शिकंजा, जांच दल ने मौके पर ही जड़ा ताला




जबलपुर। जबलपुर में स्वास्थ्य नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों पर प्रशासन का कड़ा प्रहार जारी है। 12 अगस्त 2026 को कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय जांच दल ने मदन महल स्टेशन रोड राइट टाउन स्थित पेथ केयर डायग्नोस्टिक सेंटर पर अचानक दबिश दी। इस जांच टीम में ब्लड बैंक प्रभारी डॉ अमिता जैन, डॉ रत्नेश नामदेव, डॉ तुषार गुप्ता, जिला मीडिया अधिकारी श्री अजय कुरील और सदस्य विकास श्रीवास्तव शामिल थे। निरीक्षण में पाया गया कि सेंटर का पंजीयन मार्च 2026 में ही समाप्त हो चुका था और नवीनीकरण की कोई प्रक्रिया नहीं हुई थी। मौके पर शैक्षणिक दस्तावेजों की कमी और पैथोलॉजिस्ट डॉ अमिता त्रिवेदी की अनुपस्थिति के कारण टीम ने यह सख्त कार्रवाई की।

मार्च में समाप्त पंजीयन, पर चल रही थी लैब

​स्वास्थ्य विभाग की टीम जब मदन महल स्टेशन रोड स्थित पेथ केयर डायग्नोस्टिक सेंटर पहुंची तो वहां कई तरह की गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं। सीएमएचओ कार्यालय द्वारा जारी किया गया पंजीयन प्रमाणपत्र विगत मार्च 2026 में ही निष्प्रभावी हो चुका था। इसके रिन्यूअल के लिए अब तक आवेदन तक नहीं किया गया था। इसके अतिरिक्त लैब में काम करने वाले कर्मचारियों की शैक्षणिक योग्यता और उनके प्रशिक्षण से जुड़े प्रामाणिक दस्तावेज भी मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जा सके। जांच दल ने जब पैथोलॉजिस्ट डॉ अमिता त्रिवेदी से फोन पर संपर्क कर स्थल पर पहुंचकर सहयोग करने का आग्रह किया, तो उन्होंने प्रशासनिक दल के सामने आने से इंकार कर दिया और उपस्थित नहीं हुईं।

तीन दिनों में दस्तावेज पेश करने की समय सीमा

​कार्रवाई के दौरान केंद्र में लैब हेड लकी सिंह, लैब टेक्नीशियन आरती नेमा तथा सेल्स मैनेजर अनिल गुप्ता मौजूद मिले। इनकी मौजूदगी में ही जांच टीम द्वारा पूरी प्रक्रिया का पालन करते हुए डायग्नोस्टिक सेंटर को तुरंत सील कर दिया गया। दल ने वहां उपस्थित समस्त स्टाफ को सख्त हिदायत दी कि लैब के संचालन एवं योग्यता से संबंधित सभी आवश्यक अभिलेख 3 दिन की समय सीमा के भीतर सीएमएचओ कार्यालय में अनिवार्य रूप से जमा कराएं। स्वास्थ्य विभाग की इस औचक कार्रवाई से शहर में बिना वैध दस्तावेजों के संचालित हो रही अन्य लैब्स और पैथोलॉजी सेंटरों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि मरीजों की सेहत से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak