जबलपुर. शहर के डुमना एयरपोर्ट पर टैक्सी चालकों की मनमानी और यात्रियों से अधिक किराया वसूलने पर अब लगाम लगने लगा है. फ्लायर्स की शिकायतों के बाद अब पुलिस और एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट पर प्रीपेड टैक्सी बूथ शुरू किया गया है, जिसका संचालन और निगरानी जबलपुर पुलिस करेगी।
बताया जाता है कि जिला प्रशासन, पुलिस और एयरपोर्ट प्रबंधन ने मिलकर टैक्सी संचालन के लिए नई गाइडलाइन तैयार की है। इसके तहत विभिन्न स्थानों के लिए किराया तय कर दिया गया है। यात्रियों की जानकारी के लिए एयरपोर्ट परिसर में कई जगह किराया सूची भी लगाई गई है।
रहेगी पुलिस की निगरानी, कर्मचारी तैनात
प्रीपेड टैक्सी बूथ पर सुबह से शाम तक कर्मचारियों की तैनाती की गई है। पुलिस यह सुनिश्चित करेगी कि यात्रियों से केवल निर्धारित किराया ही लिया जाए। प्रीपेड पर्ची में जिस स्थान का उल्लेख होगा, टैक्सी चालक को उसी गंतव्य तक यात्री को छोडऩा होगा। नई व्यवस्था के तहत टैक्सी चालक को यात्रा पूरी होने के बाद प्रीपेड बूथ के माध्यम से भुगतान किया जाएगा, जिससे किराए को लेकर विवाद की स्थिति नहीं बनेगी।
शिकायत पर होगी तत्काल कार्रवाई
सीएसपी सतीश साहू के मुताबिक यात्रियों की लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए जिला प्रशासन ने प्रीपेड टैक्सी बूथ शुरू किया है। इसका संचालन जबलपुर पुलिस करेगी। यदि इसके बाद भी किसी यात्री को टैक्सी सेवा या किराए को लेकर शिकायत होती है, तो उसका तत्काल निराकरण किया जाएगा।
