जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर से कोलकाता के मध्य, एलायंस एयर द्वारा आगामी 8 अगस्त से सीधी वायुसेवा प्रारंभ किए जाने का जबलपुर संघर्ष समिति ने स्वागत किया है। समिति ने इसे जबलपुर एवं महाकौशल क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
जबलपुर संघर्ष समिति के संयोजक हिमांशु खरे ने कहा कि जबलपुर से कोलकाता की सीधी उड़ान की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस वायुसेवा के प्रारंभ होने से जबलपुर सहित पूरे महाकौशल क्षेत्र के यात्रियों, व्यापारियों, उद्योगपतियों, विद्यार्थियों, एवं अन्य यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे पूर्वी भारत के प्रमुख शहरों से जबलपुर की कनेक्टिविटी बेहतर होगी तथा व्यापारिक एवं पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि जबलपुर संघर्ष समिति का उद्देश्य केवल एक-दो नई उड़ानों तक सीमित नहीं है। जबलपुर को देश के प्रमुख व्यावसायिक एवं औद्योगिक शहरों से बेहतर हवाई संपर्क दिलाने के लिए समिति लगातार प्रयासरत है।
समिति के बलदीप मैनी, हिमांशु राय, मनु शरत तिवारी, प्रीति चौधरी, देवब्रत मिश्रा ने बताया कि अब जबलपुर से पुणे, अहमदाबाद एवं चेन्नई के लिए सीधी वायुसेवा प्रारंभ करने की मांग को प्राथमिकता दी जा रही है। समिति का मानना है कि ये तीनों शहर जबलपुर के उद्योग, व्यापार, शिक्षा, रोजगार और निवेश की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
समिति के अरुण पवार, सुनील श्रीवास्तव, जितेंद्र पचौरी, दीपक सेठी, अभिषेक जैन, पी एस राजपूत आदि ने कहा कि जबलपुर की एयर कनेक्टिविटी में सुधार के लिए संघर्ष समिति एयरलाइंस कंपनियों, केंद्र एवं राज्य सरकार तथा डीजीसीए के समक्ष लगातार अपनी मांगें रखती रहेगी। समिति का प्रयास है कि जबलपुर एयरपोर्ट से अधिक से अधिक महानगरों के लिए सीधी उड़ानें उपलब्ध हों तथा वर्तमान सेवाओं को भी नियमित और मजबूत बनाया जाए।
जबलपुर संघर्ष समिति ने एलायंस एयर के प्रबंधन, स्थानीय प्रबंधन तथा इस वायुसेवा को शुरू कराने में सहयोग करने वाले सभी जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सामूहिक प्रयासों की सकारात्मक सफलता है। समिति ने स्पष्ट किया कि जबलपुर की हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार हमारी प्राथमिकता है और पुणे, अहमदाबाद एवं चेन्नई के लिए सीधी उड़ानों की मांग को लेकर हमारा संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
