khabar abhi tak

एमपी : खड़े ट्रक के पीछे घुसी कार, 4 की मौत, 5 घायल, खाटूश्याम जा रहा था परिवार

रतलाम. एमपी के रतलाम जिले के शिवगढ़ के पास दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस पर शुक्रवार की देर रात अर्टिंगा कार रोड पर खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी खतरनाक थी कि कार घसीटते हुए आगे जाकर पलट गई। कार के परखच्चे उड़ गए।

कार में सवार 9 लोगों में से 4 की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं व एक पुरुष शामिल है। पांच लोग घायल हो गए, जिनमें 2 बच्चे भी शामिल हैं। हादसा शुक्रवार देर रात का बताया जा रहा है।

सूचना मिलने पर एनएचआई की एंबुलेंस के स्टाफ संजय चरपोटा, पायलट प्रताप समेत अन्य स्टाफ मौके पर पहुंचा। शिवगढ़ थाना पुलिस भी पहुंची। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी लोग कार में दब गए। कुछ लोग घटना के बाद कार से जैसे-तैसे बाहर निकले।

हादसा रात करीब 11.30 बजे शिवगढ़ थाना क्षेत्र के कजलिया पाड़ा के पास हुआ। परिवार कार क्रमांक एमपी09 डीएल 8098 में सवार था। कार पीछे से ट्रक में घुस गई और अनियंत्रित होकर ड्रायवर के नियंत्रण से बाहर हो गई। हादसे की सूचना रात में स्थानीय लोगों ने दी। मृतकों की पहचान जतीन, पैपी, रानू और लिशा के रूप में हुई है। गंभीर घायलों में अरुण, मीना, रवि, तिशा और दक्ष शामिल हैं। ड्राइवर रवि झाबुआ के जोबट का रहने वाला है।

सूचना मिलते ही एंबुलेंस व अन्य स्टाफ रात 11:45 बजे घटनास्थल पर पहुंच गए। क्रेन 11:55 बजे मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराते हुए रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

ट्रक में खराबी होने पर सड़क किनारे खड़ा किया था

जानकारी के मुताबिक कार में सवार लोग एक ही परिवार के थे और इंदौर, धार व झाबुआ जिले के रहने वाले थे। ये सभी खाटूश्याम के दर्शन के लिए राजस्थान जा रहे थे।  सभी घायलों को दो एंबुलेंस के जरिए रात में मेडिकल कॉलेज लाया गया। परिवार वालों को भी सूचना दी गई। झाबुआ जिला पास में होने से वहां से परिवार के कुछ लोग रात में पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि ट्रक में कुछ खराबी होने के कारण उसे सड़क के किनारे खड़ा किया गया था। रात में कार की स्पीड काफी तेज होने से ड्राइवर समझ नहीं पाया और सीधे ट्रक में जा घुसी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak