khabar abhi tak

एमपी की किसिंग कार : गर्लफ्रेंड ने कार पर जड़े 3400 किस, ट्रैफिक पुलिस ने काटा 5500 रुपये का चालान

ग्वालियर. मध्य प्रदेश के ग्वालियर में इन दिनों एक कार अपने मॉडल, कीमत या रफ्तार की वजह से नहीं, बल्कि अपने अनोखे लुक को लेकर चर्चा में है। सड़क पर निकली इस कार को देखकर लोगों की नजरें ठहर गईं। कार की पूरी बॉडी पर लाल लिपस्टिक से बने होंठों के निशान थे। दावा किया जा रहा है कि कार पर करीब 3400 किस के निशान बनाए गए थे। सोशल मीडिया पर तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के बाद मामला ट्रैफिक पुलिस तक पहुंच गया।

मामला ग्वालियर के थाटीपुर इलाके का है। कार के मालिक आदित्य सिकरवार बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, उनकी गर्लफ्रेंड विदेशी सोशल मीडिया ट्रेंड से प्रभावित हुईं और उन्होंने कार को कुछ अलग अंदाज में सजाने का आइडिया दिया। इसके बाद कार की बाहरी बॉडी पर एक-दो नहीं, बल्कि हजारों लिपस्टिक किस लगाए गए। बताया जा रहा है कि पूरी कार को इस तरह सजाने में करीब साढ़े तीन से चार घंटे लगे।

कार जब सड़क पर निकली तो लोगों के लिए कौतूहल का विषय बन गई। लाल लिपस्टिक से बने होंठों के निशान दूर से ही दिखाई दे रहे थे। इसी दौरान कार की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर पहुंच गए और तेजी से वायरल होने लगे। इंटरनेट मीडिया पर लोगों ने कार के इस अनोखे लुक पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ लोगों ने इसे प्यार जताने का अनोखा तरीका बताया, जबकि कुछ ने सार्वजनिक सड़क पर चलने वाले वाहन पर इस तरह का प्रयोग करने पर सवाल उठाए।

मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में आने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने भी कार की तलाश शुरू कर दी। वायरल तस्वीरों में कार का नंबर साफ दिखाई दे रहा था। पुलिस ने इसी नंबर के आधार पर वाहन की जानकारी जुटाई और उसकी लोकेशन का पता लगाया। इसके बाद थाटीपुर क्षेत्र से कार को पकड़ लिया गया। पुलिस ने कार मालिक को मौके पर बुलाकर पूछताछ की। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, सड़क पर इस तरह के निशानों के साथ वाहन चलाना यातायात नियमों के उल्लंघन की श्रेणी में आया, जिसके बाद कार का चालान किया गया।

3400 किस पर 5500 रुपये का चालान

जिस कार को गर्लफ्रेंड ने हजारों किस देकर खास बनाने की कोशिश की थी, वही किस आखिरकार कार मालिक को महंगे पड़ गए। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन मालिक का 5,500 रुपये का चालान काट दिया। पुलिस की कार्रवाई के बाद कार मालिक ने अपनी गलती स्वीकार की और कार पर बने लिपस्टिक के निशान हटाने शुरू कर दिए। बताया गया कि उसने खुद अपने हाथों से कार की बॉडी से सभी निशान मिटाए। इसके बाद कार को पानी से साफ कराया गया, ताकि सड़क पर चलते समय लिपस्टिक के निशान दिखाई न दें।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak