राजगढ़। राजगढ़ के सारंगपुर में दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां पर पचोर-सारंगपुर के बीच पडऩा कस्बे में आज ईको वेन कार अनियंत्रित होकर उफनाते नाले में गिर गई। हादसे में तीन बच्चों सहित 9 लोगों की मौत हो गई। वहीं दो युवकों ने तैरकर अपनी जान बचाई। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे, जिन्होने रेस्क्यू कर कार को बाहर निकलवाया। पुलिस के अनुसार देवास के धांसड़ गांव के रहने वाले लोग ईको वेन से कड़लावद गांव जाने के लिए निकले। रास्ते में पड़ाना गांव में झिरी नाला पर 30 फीट पुल निर्माणाधीन है। तेज बारिश के कारण पानी पुल के ऊपर बह रहा है। कार ड्राइवर मुकेश को अधूरा पुल नहीं दिखा। उसने कार आगे बढ़ा दी, जो गिरकर नाले में बह गई। कार के गिरते ही लोगों में चीख पुकार मच गई। वहीं आसपास के लोगों ने देखा तो पहुंच गए, जिन्होने पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंचे पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने रेस्क्यू टीम की मदद से कार को बाहर निकलवाया, जिसमें सवार लोगों को नजदीक के शासकीय अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डाक्टरों ने तीन बच्चों सहित 9 लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं कार सवार मुकेश व हुकुम तैरकर बाहर आ गए, जिन्हे अस्पताल पहुंचाया गया। सीएम ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए आर्थिक सहायता देने की घोषणा की-
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होने पुल के जल्द से जल्द निर्माण कराए जाने के भी निर्देश दिए है।
वृद्धा के इलाज के लिए कनावड़ धाम जा रहे थे-
अस्पताल में भर्ती मुकेश ने अधिकारियों को पूछताछ में बताया कि हम सतवास के पास धांसड़ गांव से आ रहे थे। मेरी काकी को लकवा लगा है, जिन्हें इलाज के लिए कनावड़ धाम ले जा रहे थे।
कार चालक को रोका था-
प्रत्यक्षदशर््िायों ने बताया कि पुल पर पानी भरा था। हमने कार ड्राइवर को रोका। उसे कहा कि आगे घुटने तक पानी भरा है। गाड़ी मत निकालो, लेकिन वह नहीं माना। रोड पर रेलिंग नहीं होने की वजह से गाड़ी नाले में जा गिरी।
हादसे में इनकी गई जान
-शंकर सिंह उम्र 50 वर्ष
-सागरबाई पति शंकर सिंह
-रीनू पति हुकुम सिंह 28 वर्ष
-राजवीर पिता हुकुम सिंह 3 वर्ष
-जसप्रीत पिता हुकुम सिंह
-विशाल चौहान
-पूजा पति विशाल चौहान 27 वर्ष
-रिशिका
-आनंद सिंह