भोपाल. मध्य प्रदेश में सोमवार को 22 जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हवा की गति 30-40 किमी/घंटा रह सकती है। भारी बारिश के चलते भोपाल-डिंडौरी समेत कई जिलों के स्कूलों में आज छुट्टी घोषित की गई है।
मानसून के दोबारा रफ्तार पकड़ ली है, जिसके असर से प्रदेश में फिर झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है। रविवार को हुई बारिश से मंडला, डिंडौरी और विदिशा समेत कई इलाकों में नदी-नाले उफान पर आ गए और सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई।
मानसून ट्रफ और निम्न दाब क्षेत्र के चलते सोमवार को 5 जिलों में अति भारी बारिश के लिए ऑरेंज और 17 जिलों में भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 33 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, वज्रपात और 30-40 किमी/घंटा झोकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग की मानें तो 11 अगस्त के आसपास उत्तर बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के पास नया चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय होगा, जिससे बारिश की गतिविधियां पूरे सप्ताह जारी रह सकती हैं। 12-13 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। इस दौरान बिजली चमकने और 40 किमी प्रति घंटा से तेज हवा चलने की भी संभावना है।
सोमवार को कहां-कहां होगी बारिश
अति भारी बारिश : विदिशा, सीहोर, राजगढ़, हरदा, देवास। करीब 8 इंच तक पानी गिरने की संभावना है।
भारी बारिश : रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, खंडवा, उज्जैन, शाजापुर, आगरा, गुना, शिवपुरी, श्योपुरकलां, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, दमोह, सागर, पांढुर्णा
झंझावत, वज्रपात, झोकेदार हवाएं 30-40 किमी/घंटा: भोपाल, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, मंदसौर, नीमच, अशोकनगर, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सिगरोली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनुपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर.
