जबलपुर। शहर में अवैध कॉलोनाइजरों की मनमानी रोकने के लिए निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर निगम प्रशासन ने बड़ा प्रहार किया है। वार्ड 72 दादा ठनठन पाल वार्ड अंतर्गत कटंगी बायपास स्थित मटर मण्डी के सामने नन्दनी क्षेत्र में खसरा 366 और 367 के 1.1800 हेक्टेयर रकबे पर बिना वैधानिक अनुमति बसाई जा रही अनाधिकृत कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया गया। कॉलोनी सेल प्रभारी सुनील दुबे और अतिक्रमण दस्ते ने मौके पर पहुंचकर अवैध प्लाटिंग के रास्ते में कब्जाई गई 650 वर्ग मीटर शासकीय भूमि को मुक्त कराया। खसरा 370/1 की इस बेशकीमती जमीन का अनुमानित बाजार मूल्य 1.50 करोड़ रुपये है, जिसे मुख्य एप्रोच रोड बनाकर बेचा जा रहा था।
नोटिस का संतोषजनक जवाब न मिलने पर कार्रवाई
भू-कारोबारियों को नियमानुसार कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन तय समय में कोई वैधानिक साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए गए। सक्षम स्वीकृति मिलने के उपरांत समूचे अवैध ढांचे को जमींदोज कर बेशकीमती सार्वजनिक संपत्ति को पूरी तरह सुरक्षित कर लिया गया।
