उज्जैन. विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर परिसर उजजैन में सोमवार 17 अगस्त को नागचंद्रेश्वर मंदिर के पास अचानक भगदड़ जैसे हालात बन गए। बताया जा रहा है कि परिसर में करंट फैलने की अफवाह के बाद श्रद्धालुओं में डर का माहौल बन गया। इसके बाद भारी भीड़ में लोग इधर-उधर भागने लगे और एक-दूसरे को धक्का देने लगे।
घटना के वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें महाकाल परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दिखाई दे रही है। परिसर पूरी तरह भरा हुआ था और बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए कतार में खड़े थे। अफवाह के बाद भगदड़ जैसे हालात बने और कई श्रद्धालु भीड़ के दबाव में गिर गए। दबाव बढऩे से कई श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई। करीब 13 श्रद्धालुओं को परिजन और सुरक्षाकर्मी अस्पताल लेकर पहुंचे। सभी का उज्जैन जिला अस्पताल में इलाज जारी है और डॉक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं।
मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अमले ने स्थिति को संभाल लिया। मंदिर में इन दिनों बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में अफवाह फैलने से कुछ देर के लिए हालात बिगड़ गए। पुलिस के मुताबिक फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रित हैं। मंदिर में दर्शन करने गए एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि नागचंद्रेश्वर मंदिर के बाहर काफी भीड़ थी। इसी दौरान भगदड़ जैसी स्थिति बनी और कई लोग गिर गए। एक लड़का बैरिकेडिंग में गिरकर फंस गया, हालांकि उसे भी चोट नहीं आई।
अब तक करीब 5.50 लाख श्रद्धालु नागचंद्रेश्वर के दर्शन कर चुके हैं। बता दें, भगवान नागचंद्रेश्वर का मंदिर महाकाल मंदिर के तीसरे तल पर स्थित है। नागपंचमी के अलावा पूरे वर्ष यहां श्रद्धालुओं के लिए पट बंद रहते हैं। इसी कारण नागपंचमी पर होने वाले दर्शन के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु उज्जैन पहुंचते हैं। इस बार नागपंचमी और सावन के तीसरे सोमवार के एक ही दिन होने से भीड़ बढ़ गई।
बैरिकेडिंग पर करीब 40 हजार लोग कतार में
उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा ने कहा, आज तीन बड़े आयोजन एक साथ हो रहे हैं। भगवान नागचंद्रेश्वर के दर्शन शुरू हो चुके हैं। साल में एक बार 24 घंटे के लिए खुलने वाले इस मंदिर के दर्शन के लिए बैरिकेडिंग पर करीब 40 हजार लोग कतार में हैं। दूसरी ओर, आज पवित्र सावन महीने का तीसरा सोमवार है। इसके चलते बाबा महाकाल के दरबार में 5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। इसके अलावा, भगवान महाकाल आज तीसरी सवारी पर नगर भ्रमण करेंगे। सवारी शाम 4 बजे शुरू होगी और इसमें करीब 4 से 4.5 लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है।
महिला श्रद्धालु बोली- बेटा बैरिकेड के नीचे दब गया
श्रद्धालु मीनू ने बताया कि मेरा बेटा नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन करने गया था। वहां भगदड़ मची तो वो बैरिकेड के नीचे दब गया था। किसी ने उसकी मदद नहीं की। एक युवक ने उसे बैरिकेड के नीचे से निकाला। इसके बाद वह अस्पताल पहुंचा।
ये लोग घायल हुए
सागर पिता मांशीष, निवासी किसनपुरा, उम्र 15 साल, सजीव नोनू चौधरी, निवासी दरभंगा, बिहार, उम्र 36 साल, खुशी पिता माधव राव, निवासी बड़ा गणेश, ग्वालियर, उम्र 20 साल, हरीशचंद पिता अशोक, निवासी वासना, गुजरात, उम्र 26 साल, तुलसी पिता जय प्रकाश, निवासी गुजरात, उम्र 15 साल, जय पिता जय धवन, निवासी गुजरात, उम्र 12 साल, लखन, गोविन्द, सोनम सिंह।
