जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में चुंगीनाका के पास हुई एक दुखद घटना में दुकान संचालक के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। घटना 5 जुलाई की है, जब 22 वर्षीय अनुराग शर्मा की करंट लगने से मौत हो गई थी। पुलिस की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि यह हादसा दुकान संचालक की भारी लापरवाही के कारण हुआ। मृतक अनुराग, माढ़ोताल चुंगीनाका के पास स्थित अनमोल जैन उर्फ बेटू की दुकान पर काम करता था।
घटना के दिन अनमोल ने अनुराग को दुकान की छत पर पन्नी बिछाने के लिए भेजा था। छत के ऊपर से ही विद्युत लाइन गुजरी हुई थी, जो कि काफी खतरनाक स्थिति में थी। काम करते समय अनुराग का संपर्क हाई वोल्टेज लाइन से हो गया, जिससे उसे जोरदार करंट लगा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस जांच में पाया गया कि बारिश का मौसम होने के बावजूद दुकान संचालक ने सुरक्षा का कोई भी पुख्ता इंतजाम नहीं किया था और युवक को जोखिम भरे काम के लिए मजबूर किया। इस लापरवाही को आधार बनाकर पुलिस ने अनमोल जैन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की है। पुलिस का कहना है कि व्यावसायिक गतिविधियों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी की जान पर भारी पड़ सकती है।
Tags
jabalpur