कलेक्टर राघवेंद्र सिंह अचानक ट्रैवलर गाड़ी से सिहोरा पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले वार्ड क्रमांक 12 और 15 में करीब 4 साल पहले बने आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण किया। भवन का एक हिस्सा धंसा देखकर कलेक्टर नाराज हो गए। उन्होंने मौके पर मौजूद सीएमओ से इमारत के निर्माण को लेकर पूरी जानकारी ली। प्रथम दृष्टया लापरवाही साबित होने पर उन्होंने संबंधित सब इंजीनियर के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने वहां मौजूद बच्चों से बातचीत की और उनसे सवाल पूछे। इसके बाद कलेक्टर ने नवनिर्मित हो रहे सांदीपनि विद्यालय भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने बिल्डिंग में बन रहे फिजिक्स-केमिस्ट्री लैब, स्मार्ट क्लास और चल रहे निर्माण कार्य की प्रगति देखी।
इसी महीने पूरा होगा ग्राउंड फ्लोर-
ठेकेदार ने कलेक्टर को भरोसा दिलाया कि इस महीने के आखिरी तक ग्राउंड फ्लोर का काम पूरा कर इसे सौंप दिया जाएगा, जबकि बाकी के तीन हिस्सों का काम भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। कलेक्टर ने निर्देश दिया कि ग्राउंड फ्लोर का काम पूरा होते ही स्कूल को अस्थायी रूप से सिहोरा से खितौला शिफ्ट किया जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
अस्पताल का किया निरीक्षण-
कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह खितौला अस्पताल भी पहुंचे। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, मरीजों को दी जा रही सुविधाएं और बच्चों के वैक्सिनेशन अभियान की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने डॉक्टरों और स्टाफ को मरीजों को बेहतर इलाज देने और अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।