जबलपुर। तैयब अली चौक स्थित क्राइस्ट चर्च स्कूल में विगत दिवस बच्चे को सांप काटने की घटना को लेकर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने विद्यालय परिसर में प्रदर्शन करते हुए गहरा रोष व्यक्त किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विद्यालय के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर घटना की निष्पक्ष जांच कराने तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
छात्रनेता अनुराग शुक्ला व शफी खान ने कहा कि स्कूल में शिक्षकों द्वारा मासूम बच्चों से घास कटवाई जा रही थी जो एक्ट 2009 का खुला उल्लंघन है। बरसात के मौसम में जहरीले सांप.कीड़ों का खतरा जानते हुए भी बच्चों को बिना सुरक्षा उपकरण के झाड़ियों में भेजना आपराधिक लापरवाही है। विद्यालय प्रबंधन ने बच्चे की जान जोखिम में डाली है।
एनएसयूआई ने चेतावनी दी कि यदि विद्यालय प्रबंधन द्वारा विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए गए तो संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगाए जिसकी समस्त जिम्मेदारी विद्यालय प्रशासन की होगी। प्रदर्शन में प्रदेश सचिव एजाज अंसारी, अंकित शुक्ला, अंकित कोरी, वकार खान, ऐश्वर्या नाहिर, पुष्पराज सिंह राजपूत, युग ठाकुर, ऋषि यादव, निखिल बंशकार, आर्यन चौधरी, अनिकेत तिवारी, करण अंबाला उपस्थित थे।

