जबलपुर। स्टेट बार काउंसिल चुनाव 2026 की मतगणना अब आखिरी दौर में पहुंच चुकी है, जहां अब केवल उज्जैन, उमरिया और विदिशा जिले के प्रथम वरीयता के वोटों की गिनती होना बाकी है. इस चुनाव प्रक्रिया के 29वें दिन गुरुवार को सीधी, सिंगरौली और टीकमगढ़ जिलों की मतगणना पूरी की गई है. इस पूरी प्रक्रिया में अभी भी इंदौर के राकेश सिंह भदौरिया 3061 वोटों के साथ शीर्ष पर बरकरार हैं. मुख्य चुनाव अधिकारी रिटायर्ड जस्टिस एसके पालो के अनुसार 62000 वोटों में से अब तक प्रथम वरीयता के कुल 57466 वोटों की गिनती पूरी हो चुकी है. इनमें से 55484 वोट वैध पाए गए हैं और 1982 वोट रिजेक्ट हुए हैं.
शीर्ष पर अभी भी बरकरार राकेश भदौरिया का नाम
मतगणना के इस चरण तक इंदौर के राकेश सिंह भदौरिया सबसे आगे चल रहे हैं. उनके बाद दूसरे स्थान पर इंदौर के विवेक सिंह 1688 वोट पाकर खड़े हैं. तीसरे स्थान पर जबलपुर के आरके सिंह सैनी 1663 वोटों के साथ मौजूद हैं. चौथे स्थान पर इंदौर के हितोशी जय हार्डिया हैं जिन्हें 1616 वोट हासिल हुए हैं. पांचवें नंबर पर इंदौर के नरेंद्र कुमार जैन को 1570 वोट मिले हैं. छठे स्थान पर इंदौर के अखिलेश सक्सेना 1558 वोटों के साथ अपनी स्थिति मजबूत बनाए हुए हैं. इस सूची में सातवें स्थान पर जबलपुर के नित्यानंद मिश्रा हैं जिन्हें 1415 वोट प्राप्त हुए हैं. आठवें स्थान पर ग्वालियर के गौरव मिश्रा 1276 वोटों के साथ अपनी जगह बनाए हुए हैं. नौवें नंबर पर ग्वालियर के ही जितेन्द्र शर्मा हैं जिन्हें कुल 1244 वोट मिले हैं. इसके अलावा दसवें और अंतिम पायदान पर भोपाल के डॉक्टर विजय चौधरी हैं जिन्हें कुल 1065 वोट हासिल हुए हैं. मुख्य चुनाव अधिकारी की देखरेख में चल रही इस चुनावी मतगणना के परिणाम अब अपने अंतिम और निर्णायक पड़ाव पर पहुंच चुके हैं.
