बताया गया है कि शहडोल के बेनीबारी गांव में आयोजित शादी समारोह सम्पन्न होने के बाद परिजन आज दुल्हन की विदाई कराकर ग्राम हरदीटोला हटा दमोह जाने निकले। आज शाम करीब 4 बजे उनकी बोलेरो कटनी के जुहला बायपास से आगे बढ़ रही थी। इस दौरान सुर्खी मोड़ पर पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए खड़ी बोलेरो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो का पिछला और बीच का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में सवार लोग अंदर फंस गए थे। घायलों में दूल्हा रामा बंजारा, दुल्हन लीला बंजारा, काढा बंजारा, चन्नू बंजारा व एक अन्य रिश्तेदार को गंभीर चोटें आई। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण और हाईवे से गुजर रहे राहगीर तुरंत मदद के लिए पहुंचे। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर बोलेरो के क्षतिग्रस्त हिस्सों से घायलों को बाहर निकाला। उन्होंने एम्बुलेंस और पुलिस को घटना की सूचना दी। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक अपना वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
Tags
katni