जबलपुर। यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं गुणवत्तापूर्ण रेल यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा ने वाणिज्य, विद्युत, संरक्षा एवं रेल सुरक्षा बल के अधिकारियों के साथ ट्रेन संख्या 20162 जबलपुर-पुणे वीकली सुपरफास्ट एक्सप्रेस का जबलपुर से इटारसी तक ऑन-बोर्ड सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने कोचों में उपलब्ध यात्री सुविधाओं का गहन अवलोकन किया। उन्होंने कोचों की साफ-सफाई, पानी की उपलब्धता, शौचालयों की स्वच्छता, पंखे, लाइट एवं अन्य विद्युत उपकरणों की कार्यशीलता का निरीक्षण किया। साथ ही फायर सेफ्टी उपकरणों, यात्रियों को दिये जाने वाले बेड रोल, कम्बल इत्यादि की गुणवत्ता की भी जांच की गई। साथ ही आपातकालीन निकास, सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं तथा यात्रियों की सुविधा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जांच की।
निरीक्षण के दौरान अनाधिकृत यात्रियों एवं संदिग्ध सामान की जांच भी की गई तथा यात्रियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव प्राप्त किए गए। मंडल रेल प्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों को उच्च गुणवत्ता की सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कमी न रहे तथा प्रत्येक शिकायत का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
इसी दौरान मंडल रेल प्रबंधक के नेतृत्व में वाणिज्य विभाग द्वारा विशेष टिकट जांच अभियान भी चलाया गया। अभियान के दौरान बिना टिकट, अनियमित एवं अनाधिकृत रूप से यात्रा कर रहे कुल 47 यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 44,360 रुपये का रेल राजस्व प्राप्त किया गया। जबलपुर रेल मंडल यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है तथा इस प्रकार के निरीक्षण एवं विशेष अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।
