पुलिस के अनुसार समदडिय़ा ग्रीन सिटी निवासी धर्मपालसिंह राजपूत 18 जुलाई को एक्सिस वाहन से अपने रिश्तेदार के खारी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए करिया पाथर शमशान गए थे। जहां पर कार्यक्रम खत्म होने के बाद वे अपने घर के लिए निकले। जब वे काली मंदिर के सामने पहुंचे तभी तीन युवकों ने उन्हे रोककर कट्टा अड़ा दिया। वे कुछ समझ पाते इससे पहले बदमाशों ने मारपीट करते हुए एक्सिस वाहन छीना और भाग निकले। पुलिस ने धर्मपाल की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी। इस दौरान खबर मिली कि जीसीएफ राम मंदिर मैदान में साहिल सेन 19 व राज सोनकर 21 खड़े है, जिसपर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को हिरासत में ले लिया। जिनहोने पूछताछ में बताया कि अपने साथी सम्मान रैकवार के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी सम्मान रैकवार (19) को जवाहर स्कूल, टेस्टिंग रोड के पास एक मैदान से गिरफ्तार किया। उसके पास से देशी कट्टा और कारतूस जब्त किए गए। सम्मान रैकवार की निशानदेही पर खंडहर भवन में छिपाई गई चोरी की स्कूटी भी बरामद कर ली गई। तीनों आरोपियों सम्मान रैकवार, साहिल सेन और राज सोनकर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
Tags
jabalpur