डिंडौरी। डिंडौरी-मंडला रोड कचनारी तिराहा पर आज दोपहर तीन बजे के लगभग आमने सामने से हुई भिड़ंत में दो मोटरसाइकलों के परखच्चे उड़ गए, वहीं बाइक सवार तीन युवकों के शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार राम कुमार टेकाम 35 वर्ष व प्रेम सिंह मलगाम राई गांव से डिंडौरी जाने के लिए निकले। वहीं दूसरी मोटर साइकल में रोहित निवासी कठोतिया डिंडौरी दोहर तीन बजे के लगभग राई गांव जाने के लिए निकला। दोनों मोटर साइकल सवार तब कचनारी तिराहा पर पहुंचे तो आमने सामने से भिड़ंत हो गई। भिड़ंत में दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए, वहीं तीनों युवकों को भिड़ंत में गंभीर चोटें आने से मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना होते देख तिराहा से गुजर रहे लोगों में चीख पुकार मच गई, देखते ही देखते लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने शवों को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर प्रकरण दर्ज कर लिया। वहीं घटना की खबर मिलते ही परिजन पहुंच गए, जिन्होने युवकों को इस हालत में देखा तो फूट-फूट कर रोए।
डेढ़ साल पहले हुई थी रोहित की शादी-
पुलिस को पूछताछ में पता चला कि रोहित साहू कमल फिनकैप माइक्रो फाइनेंस लिमिटेड कंपनी में कलेक्शन का काम करता था। आज सुबह फील्ड के लिए निकले थे। मृतक रोहित साहू के परिजन ने बताया कि उनकी शादी डेढ़ साल पहले खुशबू से हुई थी। पंद्रह दिन पहले मंडला जिला अस्पताल में उनकी बेटी का जन्म हुआ था। पुलिस ने तीनों मृतकों के परिजन को घटना की सूचना दे दी है।
Tags
dindori