जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर मंडल द्वारा रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित एवं विश्वसनीय बनाने की दिशा में अत्याधुनिक हॉट एक्सल बॉक्स डिटेक्टर (Hot Axle Box Detector-HABD) प्रणाली का चरणबद्ध विस्तार किया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक, जबलपुर एवं प्रधान मुख्य यांत्रिक अभियंता, पश्चिम मध्य रेल के मार्गदर्शन में यांत्रिक विभाग द्वारा इस आधुनिक तकनीक का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिससे संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम में महत्वपूर्ण सहायता मिल रही है।
वर्तमान में जबलपुर मंडल के 09 महत्वपूर्ण स्थानों पर HABD प्रणाली सफलतापूर्वक कार्यरत है। प्रणाली की उपयोगिता एवं सकारात्मक परिणामों को देखते हुए मंडल प्रशासन द्वारा 50 अतिरिक्त संभावित स्थलों का चयन कर वहां भी HABD स्थापित करने की कार्ययोजना बनाई गई है।
HABD एक अत्याधुनिक सेंसर आधारित प्रणाली है, जो गतिमान रेलगाड़ियों के एक्सल बॉक्स (बेयरिंग) के तापमान की निरंतर निगरानी करती है। किसी भी बेयरिंग में असामान्य ताप वृद्धि होने पर यह प्रणाली तत्काल नियंत्रण कक्ष को रीयल-टाइम अलर्ट उपलब्ध कराती है, जिससे समय रहते आवश्यक तकनीकी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकती है। अब तक इस प्रणाली के माध्यम से 28 हॉट एक्सल मामलों का समय पर पता लगाया जा चुका है, जिससे संभावित रेल दुर्घटनाओं को टालने में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है।
यह प्रणाली बिना रेलगाड़ी को रोके उच्च गति पर भी प्रभावी निगरानी करने में सक्षम है तथा मैनुअल निरीक्षण की आवश्यकता को कम करते हुए मानवीय त्रुटियों की संभावना भी न्यूनतम करती है। पश्चिम मध्य रेल आधुनिक प्रौद्योगिकी के समुचित उपयोग के माध्यम से यात्रियों की सुरक्षित, संरक्षित एवं निर्बाध रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
