डिंडौरी। मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिला मुख्यालय सहित अंचलों में हुई बारिश के चलते नर्मदा नदी का जलस्तर मंगलवार 28 जुलाई की सुबह बढ़ा नजर आया। नर्मदा नदी के डेम घाट में स्थित छोटे-बड़े मंदिर पानी में डूबे नजर आए। गौरतलब है कि जिले में सोमवार की शाम से बारिश का दौर शुरू हो गया था, जो लगभग पूरी रात जारी रहा।
कभी रिमझिम तो कभी तेज बारिश के चलते अंचलों में भी क्षेत्रीय नदी, नालों का जलस्तर बढ़ गया। जिले के बजाग, करंजिया, समनापुर क्षेत्र में भी तेज बारिश के चलते सहायक नदियों का भी जल स्तर बढ़ गया। डिंडौरी, मंडला जिलों में हो रही बारिश का असर बरगी बांध तक में नजर आने लगा है और आने वाले एक-दो दिनों में बांध के जल स्तर पर और अधिक वृद्धि देखी जा सकती है.
रोपा लगाने में जुटे किसान
बारिश के कारण खेतों में लबालब पानी भर जाने से किसान भी धान का रोपा लगाने में जुटे नजर आए हैं। मौसम में ठंडक आने से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। जिले भर में एक जून से अब तक कुल 472 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जबकि पिछले वर्ष इस अवधि में 836 मिलीमीटर बारिश हो चुकी थी। पिछले वर्ष की तुलना में 40.344 प्रतिशत कम बारिश हुई है। जिले की वार्षिक सामान्य वर्षा 1404.8 मिलीमीटर है। जिले में पिछले 24 घंटे में 24.7मिलीमीटर औसत बारिश हुई है।
