मैहर. मां शारदा नगरी मैहर में मंगलवार 28 जुलाई को मां शारदा के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वाहन दुबेही मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 12 श्रद्धालु घायल हो गए। इनमें 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया है।
सभी श्रद्धालु रीवा जिले के रहतरा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वे मां शारदा के दर्शन के लिए मैहर आए थे। दर्शन के बाद पिकअप से घर लौटते समय देहात थाना क्षेत्र के दुबेही मोड़ के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद पिकअप सड़क किनारे पलट गई।
ग्रामीणों ने पहुंचकर की मदद
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंचीं। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
3 गंभीर घायलों को रीवा भेजा
अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद 3 गंभीर घायलों को रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया। अन्य घायलों का स्थानीय अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में पिकअप के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।
