श्रीनगर/मंदसौर. जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा के दौरान मंगलवार 28 जुलाई को एक बड़ा हादसा हुआ है. यहां अमरनाथ यात्रा से लौट रही एक बस गांदरबल जिले के रंगा मोड़ के पास अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई. इस हादसे में 40 श्रद्धालु घायल हो गए हैं, जिसमें से 14 मध्य प्रदेश से बताए जा रहे हैं. सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उप जिला अस्पताल कंगन से एसकेआईएमएस सौरा, श्रीनगर रेफर किया गया. अस्पताल सूत्रों के अनुसार सभी घायलों को मल्टीपल इंजरी एवं हेड ट्रॉमा है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस मध्य प्रदेश के मंदसौर से यात्रियों को लेकर आई थी और वापस लौट रही थी.
श्रीनगर पुलिस के मुताबिक बालटाल बेस कैंप जा रही अमरनाथ यात्रियों से भरी यह बस सोनमर्ग हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हरीगनीवान के पास अचानक बस अनियंत्रति हो गई और नीचे की ओर एक घर पर जा गिरी. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस व सुरक्षाबल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यु शुरू किया. अस्पताल सूत्रों के मुताबिक घायलों में 14 लोग मध्य प्रदेश व 22 राजस्थान से हैं.
मंदसौर से निकली थी बस
मंदसौर एडीएम एकता जायसवाल ने बताया, श्रीनगर से बस के दुर्घटना होने की जानकारी मिली है. बस मंदसौर से निकली थी, इस वजह से पटवारी और क्षेत्र के तहसीलदार को गांव गुर्जर बढिय़ा भेज कर बस में सवार लोगों की जानकारी ली गई है. फिलहाल सभी घायलों को सुरक्षित अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है. श्रीनगर पुलिस से भी संपर्क किया गया है.
