जबलपुर। विजय नगर थाना क्षेत्र स्थित कृषि उपज मंडी हाट बाजार में चोरों ने एक हार्डवेयर दुकान को निशाना बनाया है। दुकान मालिक साहिल शाह उम्र 25 वर्ष निवासी शीतलपुरी कॉलोनी ने पुलिस को बताया कि वे 7 जून की रात 10-30 बजे दुकान बंद कर घर गए थे। अगले दिन 8 जून को सुबह 11-30 बजे जब वे वापस आए तो दुकान के पीछे की दीवार में एक बड़ा छेद देख उनके होश उड़ गए। अज्ञात चोरों ने दीवार तोड़कर दुकान के अंदर प्रवेश किया और वहां से एंगल, ग्राइंडर मशीन, ड्रिल मशीन, मार्बल कटर, कॉपर तार के बंडल और कटिंग व्हील की पूरी पेटी पार कर दी। इसके साथ ही दुकान के गल्ले में रखे 92 हजार रुपये नकद भी चोरी हो गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला विवेचना में लिया है।
खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाना शुरू कर दिए हैं। चोरों ने बहुत ही शातिर तरीके से दुकान के पिछले हिस्से की दीवार में छेद किया ताकि किसी को भनक न लगे। हार्डवेयर सामान की कीमत और नगद राशि को मिलाकर लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। इलाके में इस तरह की वारदात से दुकानदारों में दहशत का माहौल है। पुलिस के अनुसार जल्द ही संदिग्धों की पहचान कर ली जाएगी और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल टीम अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है।
