khabar abhi tak

एमपी में दिनदहाड़े वकील की हत्या, गर्दन-छाती में गोलियां मारीं, जमीनी विवाद में रिश्तेदारों ने की फायरिंग

ग्वालियर. मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा में डेढ़ बीघा जमीन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दिनदहाड़े वकील रतन सिंह यादव पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उनकी हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उनकी गर्दन और छाती में तीन गोलियां मारीं। गंभीर हालत में उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हत्या का आरोप चचेरे भाई, भतीजे समेत तीन रिश्तेदारों पर लगा है। सभी आरोपी वारदात के बाद फरार हैं।

परिजनों के मुताबिक, भितरवार में हरसी रोड स्थित करीब डेढ़ बीघा विवादित जमीन को लेकर रतन सिंह यादव का अपने रिश्तेदारों से कोर्ट में मामला चल रहा था। शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे वे जमीन पर पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद बढ़ा और आरोपियों ने उन पर फायरिंग कर दी।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस की टीमें

हत्या का आरोप चचेरे भाई राकेश यादव, भतीजे राहुल यादव और गब्बर सिंह रावत पर लगाया गया है। सूचना मिलते ही एसडीओपी गगन हनवत और थाना प्रभारी सुधीर सिंह कुशवाहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

वकीलों ने किया थाने का घेराव

घटना के बाद भितरवार अभिभाषक संघ में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में वकील थाने पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

पुरानी रंजिश में वारदात की आशंका

भितरवार एसडीओपी गगन हनवत ने बताया कि दोपहर करीब 12:30 बजे सूचना मिली थी कि भितरवार-डबरा रोड स्थित आशा भोजनालय के पास वकील रतन यादव पर तीन युवकों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। हमले में उन्हें कमर के दाहिने हिस्से, गर्दन के नीचे और शरीर के एक अन्य हिस्से में गोली लगी। शुरुआती जांच में वारदात के पीछे पुरानी रंजिश या जमीन से जुड़े विवाद की आशंका सामने आई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak