khabar abhi tak

मालगाड़ी के छह डिब्बे पटरी से उतरे, दिल्ली मंडल में रेल यातायात प्रभावित, कई ट्रेनें रद्द

नई दिल्ली. दिल्ली मंडल के गाजियाबाद-नई दिल्ली रेलखंड पर मंगलवार को एक मालगाड़ी के छह कोयले से भरे डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। उत्तर रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द करने के साथ ही कुछ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया है, जबकि कई ट्रेनों को नियंत्रित किया गया है। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के मार्ग बदले

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार, गाजियाबाद-दिल्ली रेलखंड पर परिचालन सामान्य होने तक कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों से चलाया जा रहा है। गोल्डन टेंपल मेल, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, महाबोधि एक्सप्रेस, नंदा देवी एक्सप्रेस, बिहार संपर्क क्रांति, श्रमशक्ति एक्सप्रेस, लखनऊ मेल, एसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, तेजस राजधानी, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस और शिवगंगा सुपरफास्ट समेत कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है।

 53 ट्रेनें प्रभावित, 24 के मार्ग बदले गए

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार हादसे के कारण कुल 53 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। इनमें 24 ट्रेनों का मार्ग दिल्ली और नई दिल्ली के रास्ते बदल दिया गया है। 16 यात्री ट्रेनों को पूरी तरह रद्द किया गया है, जबकि पांच ट्रेनों को आंशिक रूप से निरस्त किया गया है। इसके अलावा आठ ट्रेनों को नियंत्रित किया गया है। आनंद विहार की ओर जाने वाली कुछ ट्रेनों को मुरादाबाद मंडल और उत्तर मध्य रेलवे के मार्ग पर नियंत्रित किया गया।

ईएमयू और लंबी दूरी की ट्रेनें भी प्रभावित

गाजियाबाद-नई दिल्ली रेलखंड पर चलने वाली कई उपनगरीय यात्री सेवाओं पर भी असर पड़ा है। गाजियाबाद से नई दिल्ली जाने वाली यात्री ट्रेन को रद्द कर दिया गया है। कुछ ट्रेनों को नई दिल्ली से ही चलाया गया, जबकि कुछ को गाजियाबाद स्टेशन पर ही समाप्त कर दिया गया। मगध एक्सप्रेस, गोड्डा-नई दिल्ली हमसफर, राजेंद्र नगर-नई दिल्ली अमृत भारत और उज्जैनी एक्सप्रेस समेत कई लंबी दूरी की ट्रेनों के मार्ग में भी बदलाव किया गया है।

यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति अवश्य जांच लें। इसके लिए रेलवे की आधिकारिक यात्री सूचना सेवा या रेलवे सहायता नंबर 139 से जानकारी ली जा सकती है।

युद्धस्तर पर बहाली कार्य जारी

रेलवे की ओर से प्रभावित रेलखंड पर परिचालन सामान्य करने के लिए युद्धस्तर पर बहाली कार्य किया जा रहा है। उत्तर रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, रेल यातायात जल्द से जल्द सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak