जबलपुर। रानीताल शराब दुकान में बीयर लेने गए संजय जैन की कार चोरी करने वाले शातिर युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कार बरामद कर ली है। पुलिस का कहना है कि आरोपी पर कई अपराधिक मामले हैं। यह सोशल मीडिया पर भी सक्रिय है।
लार्डगंज थाना प्रभारी नवल आर्य के मुताबिक कार चोरी होने की सूचना मिलने पर प्वाइंट सूचना के साथ सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए थे। फुटेज में यह कार विजयनगर क्षेत्र में दिखाई दी थी। मौके पर एएसआई राजेश वर्मा और टीम ने कार का पीछा किया और उसे पकड़ लिया। पुलिस ने कार चलाते हुए उजारपुरवा निवासी समीर डुमार को पकड़ा। पुलिस ने छानबीन की तो यह सामने आया कि आरोपी अपराधिक प्रवृत्ति का है। इस पर दर्जनों अपराधिक मामले हैं। तीन वारंट भी थे। आरोपी ने पहले भी गोराबाजार क्षेत्र से स्कूटर चोरी की थी।
