जबलपुर/नरसिंहपुर। जबलपुर-नरसिंहपुर रोड पर हुई दुर्घटना में पांच लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रेत के कारोबार को लेकर चली आ रही रंजिश के चलते युवकों को दो हाइवा ने कुचल कर मार दिया। पुलिस ने मामले में एक डाक्टर अमित खरे सहित 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों का गिरफ्तारी के बाद जुलूस भी निकाला है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुख्य आरोपी आनंद राजपूत और मृतक एडवोकेट राजेंद्र लोधी के बीच अवैध रेत कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों को लेकर विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन शाम 5 से 6 बजे के करीब हाथीनाला क्षेत्र में आरोपियों और मृतकों के बीच मारपीट हुई थी। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए अलग-अलग जगहों पर 4 लोगों को रेकी (निगरानी) के लिए तैनात किया था। रात करीब 8 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो हाईवा (ट्रक) वाहनों का उपयोग कर युवकों को जानबूझकर निशाना बनाया गया। पुलिस को घटनास्थल से टाटा कंपनी के ट्रक का एक हिस्सा मिला, जिसने इस पूरी अंधी साजिश का पर्दाफाश करने में अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने मामले में एक डाक्टर अमित सहित 8 लोगों को विभिन्न क्षेत्रों से गिरफ्तार कर उनका सार्वजनिक रुप से जुलूस निकाला है। गौरतलब है कि पांच युवकों की मौत को लेकर जबलपुर के बेलखेड़ा स्थित पावला गांव में भी आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर धरना व प्रदर्शन किया था। रुपए और एमएलसी को लेकर था विवाद-
जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि डॉक्टर अमित खरे और मृतक राजेंद्र लोधी के बीच रुपए और एमएलसी (मेडिको-लीगल केस) को लेकर विवाद था। आरोप है कि राजेंद्र लोधी डॉक्टर को ब्लैकमेल कर रहा था। इसी विवाद के बाद डॉक्टर अमित खरे ने आनंद राजपूत से संपर्क किया और हत्या की साजिश रची गई।
पुलिस ने इन्हे किया है गिरफ्तार-
पुलिस ने इस मामले में राजा पटेल, अनुज ठाकुर, आनंद लोधी, भारत सिंह, अनिल पटेल, अरविंद्र लोधी, नरेंद्र सिंह और डॉक्टर अमित खरे सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, अनिल, ऋतुराज और प्रीतम नामक तीन आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।