जबलपुर. रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए मध्य प्रदेश डाक विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बहनों की राखियां समय पर भाइयों तक पहुंचें, इसके लिए जबलपुर सहित प्रदेश के सभी 43 प्रधान डाकघरों में विशेष राखी काउंटर बनाए जाएंगे। यहां केवल राखी और उससे जुड़े पार्सल की बुकिंग की जाएगी।
भीड़ को संभालने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती, हेल्प डेस्क और स्पीड पोस्ट की विशेष निगरानी की व्यवस्था भी रहेगी। विभाग का कहना है कि इस बार पिछले वर्ष की तकनीकी समस्याओं से सबक लेते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाया गया है।
प्रधान डाकघरों में विशेष राखी काउंटर
डाक विभाग ने सभी प्रधान डाकघरों में राखी बुकिंग के लिए अलग काउंटर बनाने का निर्णय लिया है। इन काउंटरों पर केवल राखी और संबंधित पार्सल स्वीकार किए जाएंगे, जिससे सामान्य डाक सेवाएं प्रभावित न हों और त्योहार के दौरान लोगों को लंबी कतारों का सामना भी न करना पड़े। बढ़ती भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती की जाएगी।
विदेश भेजी जाने वाली राखियों पर खास फोकस
इस बार डाक विभाग विदेशों में रहने वाले भाइयों तक भी राखियां समय पर पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चला रहा है। लोगों को समय पर बुकिंग कराने और सही प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे, ताकि अंतरराष्ट्रीय डाक में किसी प्रकार की देरी न हो।
