मैहर. एमपी के मैहर जिले के अमरपाटन क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर सोमवार की रात को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रीवा से नागपुर जा रही विजयंत ट्रैवल्स की बस सड़क किनारे सवारी उतार रही थी, तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने बस को टक्कर मार दी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से रीवा स्थित संजय गांधी अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने दोनों वाहनों को हटाकर सामान्य कराया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विजयंत ट्रैवल्स की बस रीवा से नागपुर की ओर जा रही थी। अमरपाटन के पड़हा क्षेत्र के पास बस चालक यात्रियों को उतारने के लिए सड़क किनारे रुका था। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने बस के पिछले हिस्से में टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि ट्रक मिर्जापुर से गुजरात की ओर जा रहा था।
हादसे में घायल हुए अधिकांश यात्री रीवा, मऊगंज और मैहर जिले के रहने वाले हैं। गंभीर रूप से घायल यात्रियों का इलाज संजय गांधी अस्पताल में जारी है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और पर्याप्त दूरी न बनाए रखना हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी तकनीकी और प्रत्यक्षदर्शी तथ्यों की जांच के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।
