khabar abhi tak

एमपी : कोर्ट परिसर में हादसा, तेज बारिश से बचने के लिए खड़े लोगों पर गिरी दीवार, दो की मौत, 2 गंभीर घायल

रामपुर. एमपी के सीधी जिले के रामपुर नैकिन न्यायालय के परिसर में सोमवार की शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया. यहां तेज बारिश से बचने के लिए न्यायालय परिसर में बने एक भवन की छांव में खड़े लोगों पर अचानक जर्जर दीवार भरभराकर गिर गई. इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई.

जानकारी के अनुसार सोमवार शाम 4 बजे न्यायालयीन कार्य के सिलसिले में बड़ी संख्या में लोग रामपुर नैकिन न्यायालय पहुंचे हुए थे. जहां घटना के वक्त अचानक तेज बारिश शुरू हो गई. जिससे बचने के लिए कुछ लोग न्यायालय परिसर में बने भवन की आड़ में खड़े हो गए. तभी अचानक भवन की दीवार भरभराकर गिर गई और उसकी चपेट में चार लोग आ गए. इस हादसे में सुखसेन केवट की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनका बेटा राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया.

वहीं दूसरे मृतक की पहचान राम सजीवन साहू के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार राम सजीवन अपने बड़े भाई सझाही साहू के साथ न्यायालय आए थे. हादसे में राम सजीवन की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि सझाही साहू गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. जहा दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

मलबा हटाने स्थानीय लोगों की भी मदद

इस घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम रामपुर नैकिन, तहसीलदार, थाना प्रभारी सहित पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई. और राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू कर दिया गया. जहां मलबा हटाने के लिए स्थानीय लोगों की भी मदद ली गई. आशंका के चलते बचाव दल ने सावधानीपूर्वक मलबा हटाकर पूरे क्षेत्र की तलाशी ली.

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak