khabar abhi tak

गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस में अवैध वेंडर्स का चाकू से जानलेवा हमला, 3 कर्मचारी घायल, एक की हालत नाजुक

भोपाल. पमरे के भोपाल में गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस ट्रेन में चाकू से जानलेवा हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई थी। इस मामले में जीआरपी भोपाल ने एफआईआर दर्ज कर ली है। घटना भददा से सूखी सेवनिया के बीच की बताई जा रही है। इस वारदात से ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई थी।

जानकारी के मुताबिक, अवैध वेंडर बताए जा रहे जितेंद्र खटीक और अंकित सुपारी ने ट्रेन में मौजूद कर्मचारियों पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में विजय कुमार, आनंद कुमार और किशन गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें विजय कुमार की हालत नाजुक बताई जा रही है। यह घटना शनिवार की देर रात की है.

अवैध किचन का खाना खरीदने का बना रहे थे दबाव

आरोपी कर्मचारियों पर अवैध किचन का खाना खरीदने का दबाव बना रहे थे। कर्मचारियों द्वारा विरोध करने पर पहले उन्हें धमकाया गया और इसके बाद चाकुओं से हमला कर दिया गया। घटना के बाद यात्रियों में दहशत फैल गई। इस वारदात ने ट्रेनों में अवैध वेंडरों की गतिविधियों के साथ-साथ जीआरपी और आरपीएफ की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

आरोपियों की तलाश जारी

जीआरपी थाने के प्रभारी जहीर खान ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak