khabar abhi tak

रेलवे इंस्टीट्यूट की जर्जर दीवार बच्चों पर गिरी, मलबे में दबे 3 मासूम, गंभीर रूप से घायल

शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार 5 जुलाई को रेलवे की जर्जर दीवार गिरने से बड़ा हादसा हो गया। रेलवे इंस्टीट्यूट के पास स्थित रेलवे की एक पुरानी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। उस समय दीवार के पास तीन बच्चे खेल रहे थे, जो मलबे की चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने शोर सुनते ही दौड़कर दीवार का मलबा हटाना शुरू किया और तीनों बच्चों को बाहर निकाला। घायल बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार बच्चों के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। कुछ बच्चों को फ्रैक्चर के साथ हेड इंजरी भी हुई है। डॉक्टरों की निगरानी में सभी का उपचार चल रहा है। हादसे में घायल बच्चों की पहचान यश कुमार, निशांत कुमार और अंशुमन पांडेय के रूप में हुई है। तीनों की उम्र करीब 10 से 12 वर्ष के बीच बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।

बड़ा हादसा टल गया

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दीवार काफी पुरानी और जर्जर थी। अचानक गिरने से बच्चों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे सीधे मलबे के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों की तत्परता से समय रहते बच्चों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं स्थानीय लोगों ने रेलवे से मांग की है कि क्षेत्र में मौजूद जर्जर दीवारों और पुराने ढांचों की समय पर जांच और मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak