बताया गया है कि शिव शक्ति कंपनी की यात्री बस दमोह से तारादेही जाने निकली। चालक बस को लेकर अभाना की टेक के पास पहुंचा तभी आगे चल रही बोलेरो के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। टक्कर से बचने के प्रयास में बस चालक ने वाहन को बाईं ओर मोड़ा, जिससे बस सड़क से उतरकर खाई में चली गई। बस के खाई की ओर बढ़ते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने बताया कि वे घबरा गए और चीखने-चिल्लाने लगे। हालांकि चालक ने तुरंत ब्रेक लगाकर बस रोक दी, जिससे कोई जनहानि या घायल होने की घटना नहीं हुई। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस पहुंच गई और चालक और यात्रियों से घटना की जानकारी ली। बाद में सभी यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। यात्री राघवेंद्र, रामशंकर और वृंदावन ने बस चालक की सूझबूझ की सराहना करते हुए कहा कि उसकी सतर्कता के कारण बड़ा हादसा टल गया।