वारदात को अंजाम देने से पहले प्रेमी ने मनीराम से दोस्ती की, शराब और मुर्गा पार्टी के बहाने जंगल ले गया और वहां हत्या कर शव को नाले में पत्थरों के नीचे दबा दिया। पुलिस ने पत्नी, उसके प्रेमी और एक सहयोगी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, तौलिया, पेचकस समेत अन्य सामान जब्त कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, सिगरामपुरा निवासी मनीराम रैकवार 10 जुलाई को लापता हो गया था। गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की गई। सर्च अभियान के दौरान अमरोनिया जंगल के बगाई नाला में उसका शव मिला। इसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर विशेष जांच टीम गठित की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मनीराम और शिवानी की शादी 13 मई 2026 को हुई थी। शादी से पहले शिवानी का अखलेश पटेल से प्रेम संबंध था, लेकिन दोनों अलग-अलग जाति के होने के कारण परिवार विवाह के लिए तैयार नहीं था। इसके बाद दोनों ने योजना बनाई कि शिवानी की शादी कहीं और कर दी जाए और बाद में मौका देखकर साथ रहेंगे।